गोण्डा जिले के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हथियागढ़ बाजार में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमी के धोखे से नाराज एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार रायपुर निवासी 23 वर्षीय रेशमा सुबह करीब 5:30 बजे नंगे पांव मोबाइल टावर पर चढ़ गई और लगभग 20 फीट ऊपर बैठकर हंगामा करने लगी। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब यह नजारा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही हथियागढ़ चौकी प्रभारी शिवकुमार यादव महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने का दौर चला, लेकिन रेशमा अपनी मांग पर अड़ी रही। युवती की सिर्फ एक जिद थी, उसके प्रेमी अमित को पुलिस तुरंत बुलाए और दोनों की शादी कराई जाए।
रेशमा ने बताया कि उसका प्रेम संबंध पिछले तीन वर्षों से चल रहा था। अमित, निवासी गोदहना थाना सादुल्लाह नगर जिला बलरामपुर, ने कथित तौर पर शादी का वादा किया था। दोनों परिवारों के बीच यह सहमति बनी थी कि 1 मई 2026 को तीन साल पूरे होने के बाद शादी होगी। लेकिन अब अमित मुंबई चला गया है और न तो फोन उठा रहा है और न ही शादी के लिए लौट रहा है।
युवती ने यह भी बताया कि उसने इस मामले की शिकायत पहले ही छपिया थाने में की थी। पुलिस अमित के गांव भी गई थी, जहां पता चला कि वह मुंबई में है। दोनों पक्षों को रविवार को थाने बुलाया गया था, लेकिन उससे पहले ही युवती ने टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने किसी तरह रेशमा को सुरक्षित नीचे उतारा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवती पुलिसकर्मियों से बहस करती भी दिखाई दे रही है। प्रबोध कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को रविवार को थाने बुलाया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













































