बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया में थाना कोतवाली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक बीते 30 मई को पीड़िता ने थाना कोतवाली में एक प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़िता का आरोप था कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 69,352, 351(3) के तहत अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी.
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज 2 जून को कोतवाली थाने के उपनिरीक्षक सौरभ कुमार सिंह अपनी टीम कांस्टेबल विशाल पांडेय और कांस्टेबल इंद्रपाल के साथ क्षेत्र में चेकिंग और वांछितों की तलाश में थी। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की और महुआ मोड़ के पास से शाम के समय अभियुक्त को धर दबोचा.
Also Read – पारिवारिक कलह में खूनी संघर्ष : देवर ने भाभी पर गड़ासे से किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर
पुलिस की गिरफ्तार में आए आरोपी की पहचान सागर कुमार गोड़ उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है जो प्रमोद कुमार गोड़ का पुत्र है और मूल रूप से मिड्ढी थाना कोतवाली का निवासी है और वर्तमान में परिखरा थाना बांसडीह रोड में रह रहा था.
बलिया पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए अभियुक्त सागर कुमार गोड़ के खिलाफ थाने में नियमानुसार कानूनी औपचारिकताएं और विधिक कार्यवाही पूरी कर ली गई है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है.













































