Uttar Pradesh: चाकू से जानलेवा हमला करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू बरामद

मुगलसराय, चन्दौली : मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

जानकारी के अनुसार 2 जून 2026 की रात कैलाशपुरी महमूदपुर निवासी मुन्नका प्रसाद गुप्ता पर गुरुद्वारा के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के संबंध में घायल के पुत्र राम लखन गुप्ता की तहरीर पर मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार आरोपित की तलाश में जुटी हुई थी।

Also Read: UP: लखनऊ में 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से गैंगरेप, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राकेश कुमार गिरी उर्फ विजय गिरी (62 वर्ष) निवासी पटेल नगर को रविनगर काली मंदिर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया रक्तरंजित चाकू भी बरामद किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका पीड़ित से विवाद हुआ था। घटना वाले दिन दोबारा कहासुनी होने पर उसने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर छिपता फिर रहा था।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मुगलसराय थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। चाकू बरामद होने के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ा दी गई है।

फिलहाल मुगलसराय कोतवाली पुलिस अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)