कायमगंज, फर्रुखाबाद : ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के कायमगंज आगमन पर समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर के जिला उपाध्यक्ष महेश वर्मा के आवास पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में एसोसिएशन की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष क्षमा वर्मा, दिल्ली प्रदेश प्रभारी राजेंद्र वर्मा तथा प्रदेश संयुक्त मंत्री प्रमोद कुमार वर्मा का पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने अतिथियों का फूल-मालाओं के साथ स्वागत करते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष महेश वर्मा ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन विस्तार, समाज के उत्थान तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने के संबंध में विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और संगठन की मजबूती से ही स्वर्णकार समाज की समस्याओं का समाधान संभव है। संगठन को गांव-गांव और नगर-नगर तक मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष क्षमा वर्मा ने समाज के लोगों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य स्वर्णकार समाज के हितों की रक्षा करना और समाज के लोगों को एक मंच पर लाना है। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष गौरव वर्मा, नगर उपाध्यक्ष सुमित वर्मा उर्फ मोनू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन अतिथियों के सम्मान एवं संगठन की भावी योजनाओं पर चर्चा के साथ हुआ।













































