गोरखपुर। 6 जून 2026 को मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में राज्य कर विभाग, खण्ड-1 गोरखपुर द्वारा “व्यापारी संवाद कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों के साथ विश्वास बहाली, कर प्रक्रियाओं को सरल बनाना और जीएसटी संबंधी नई व्यवस्थाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में प्रमुख लोग उपस्थित
कार्यक्रम में टैक्स एडवोकेट एसोसिएशन गोरखपुर के अध्यक्ष जे०के० सिन्हा, होटल व्यवसाय संगठन के नेता अचिन्त्य तिलहरी, नव व्यापार मण्डल के प्रदेश महामंत्री प्रकाश सिंह, मीडिया प्रतिनिधि राजेश्वर शुक्ल व विद्याधर गुप्ता, चार्टर्ड एकाउंटेंट विभुम पाण्डेय, एडवोकेट अमित त्रिपाठी, संजय दुबे, बृजेश शर्मा, शुभेन्दु प्रसाद द्विवेदी सहित अनेक व्यापारी और विषय विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
विभाग की ओर से उपायुक्त राज्य कर खण्ड-1 शशि भूषण त्रिपाठी, सहायक आयुक्त असीम राजपूत, राज्य कर अधिकारी ध्रुव नारायण और खण्ड के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
विश्वास और सरलीकरण पर चर्चा
संवाद कार्यक्रम के दौरान राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप करदाताओं के बीच विश्वास बहाली और नियमों के सरलीकरण पर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने व्यापारियों को नियमित रूप से रिटर्न दाखिल करने, जीएसटी पोर्टल पर मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अपडेट रखने तथा डिजिटल सुरक्षा के महत्व पर जागरूक किया।
अपंजीकृत व्यापारियों को मुख्यधारा में लाने का आह्वान
विभाग के अधिकारियों ने खण्ड स्तर पर शिविर लगाकर अपंजीकृत व्यापारियों को जीएसटी के मुख्य धारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उपस्थित व्यापारियों को जीएसटी 2.0 और ई-इनवॉइसिंग के नवीन प्रावधानों की सरल भाषा में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में व्यापारियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं और विभाग के अधिकारियों ने उन्हें त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
यह कार्यक्रम गोरखपुर में व्यापारियों और कर विभाग के बीच समन्वय बढ़ाने तथा सहज कर अनुपालन संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













































