राजस्थान के झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे में एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान से महिलाओं की निजता से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम एक महिला अपने परिवार के साथ कपड़े खरीदने के लिए मैन मार्केट रोड स्थित एक दुकान पर पहुंची थी। कपड़े ट्रायल करने के दौरान उसे चेंजिंग रूम में कुछ संदिग्ध गतिविधि का आभास हुआ, जिसके बाद उसने अपने पति को इसकी जानकारी दी।
सेल्समैन पर वीडियो रिकॉर्डिंग का आरोप
महिला के पति ने मौके पर जांच की तो दुकान में काम करने वाला एक युवक कथित तौर पर मोबाइल फोन में रिकॉर्ड की गई वीडियो क्लिप देखता मिला। आरोप है कि युवक ने चेंजिंग रूम की छत में बने एक छेद के जरिए महिला का वीडियो रिकॉर्ड किया था। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
Also Read: सास पर फिदा हुआ दामाद! कोर्ट मैरिज का वीडियो वायरल
मोबाइल में मिले कई फोटो और वीडियो
प्राथमिक जांच में पुलिस को मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिलने की जानकारी मिली है। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सामग्री हाल के दिनों में रिकॉर्ड की गई प्रतीत होती है। पुलिस अब मोबाइल की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच करवा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रिकॉर्ड किए गए वीडियो कहीं साझा या अपलोड तो नहीं किए गए।
मामले को दबाने के आरोप, लोगों में नाराजगी
पीड़ित पक्ष ने दुकान संचालकों और कुछ कर्मचारियों पर घटना को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि समझौते और दबाव के जरिए मामला शांत कराने का प्रयास किया गया। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग दुकान के बाहर एकत्र हो गए। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया।
पुलिस जांच तेज, दुकान सील
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर कानून-व्यवस्था बनाए रखी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दुकान को सील कर दिया गया है। स्थानीय सामाजिक संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































