अमेठी : अमेठी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जायस पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस मुठभेड़ में लूट के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी के कब्जे से लूट के जेवरात, नकदी और अवैध असलहा बरामद किया गया है.
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत जायस पुलिस और स्वाट टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रानी हरवंशगंज मजरे मवई आलमपुर में हुई लूट की घटना में शामिल आरोपी गंगाराम पुरवा मोड़ के रास्ते नसीराबाद की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की. पुलिस के अनुसार संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान पुत्र मोहम्मद मोजीब (22 वर्ष), निवासी रानीगंज मजरे मवई आलमपुर थाना जायस के रूप में हुई है. उसके कब्जे से एक पायजेब, एक मांगटीका, 800 रुपये नकद, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं.
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो साथियों दुर्गेश और अरमान के साथ मिलकर 2 जून को पड़ोसी के घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था. आरोपियों ने घर में मौजूद महिला को बंधक बनाकर अलमारी से नकदी और जेवरात लूट लिए थे.
पुलिस ने बताया कि इस मामले में दुर्गेश और अरमान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. तीसरे आरोपी इमरान की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.













































