UP: बांदा के तिंदवारी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने देवर पर छेड़छाड़ और अशोभनीय व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि घटना का विरोध करने के बाद उसने अपने पति को पूरी जानकारी दी, लेकिन मदद मिलने के बजाय उसे प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
पति से शिकायत के बाद बढ़ा विवाद
महिला के मुताबिक, जब उसने अपने पति को देवर की हरकतों के बारे में बताया तो पति ने उसका साथ नहीं दिया। आरोप है कि पति ने ससुर और देवर के साथ मिलकर उसके साथ अभद्रता की और विवाद बढ़ने पर उसके साथ मारपीट की गई।
Also Read: मेरठ : नीले ड्रम कांड में सच्चाई की जीत, मुख्य आरोपी साहिल को फांसी, मुस्कान को उम्रकैद
घर से घसीटकर पीटने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि तीनों लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए उसे घर से बाहर खींच लिया। इसके बाद लात-घूंसों और डंडों से उसकी पिटाई की गई। महिला का कहना है कि उसने किसी तरह खुद को बचाया, वरना उसके साथ और गंभीर घटना हो सकती थी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले की शिकायत मिलने के बाद तिंदवारी थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति, ससुर और देवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी संदीप कुमार पटेल ने बताया कि पूरे मामले की जांच उपनिरीक्षक शिवकरण सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































