UP: अमेठी के जामो क्षेत्र स्थित श्री शंकर बूढ़े बाबा धाम जाने वाले मार्ग का निर्माण कार्य पूरा न होने से नाराज महिला किसानों ने सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग उठाई।
जिला पंचायत कार्यालय का किया घेराव
प्रदर्शनकारी महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष कार्यालय पहुंचीं और वहां घेराव कर अपनी नाराजगी जताई। बाद में महिलाओं ने अधिशासी अधिकारी, जिला पंचायत को ज्ञापन सौंपते हुए अधूरे पड़े मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी
महिला किसानों का कहना है कि श्री शंकर बूढ़े बाबा धाम तक जाने वाली सड़क काफी समय से निर्माणाधीन है, लेकिन काम बीच में ही रोक दिया गया है। मार्ग पर फैले बड़े-बड़े पत्थरों और निर्माण सामग्री के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सावन में बढ़ी मुश्किलें
किसान नेत्री रीता सिंह ने बताया कि जामो-गांधीनगर मार्ग पर उमराडीह गांव स्थित श्री शंकर बूढ़े बाबा धाम क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है। सावन माह में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं, लेकिन खराब रास्ते के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री से हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
Also Read: कांवड़ यात्रा 2026: सहारनपुर में 85 सेवा शिविर तैयार, प्लास्टिक पर रहेगा पूरा प्रतिबंध
जल्द काम शुरू कराने की मांग
महिला किसानों ने प्रशासन से जनहित को देखते हुए सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मार्ग निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.
















































