चंदौली: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुल्हीपुर के समीप सोमवार दोपहर तेज रफ्तार और अनियंत्रित ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में जा घुसा. हादसा इतना भीषण था कि ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना की जानकारी मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ऑटो के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला. घायल चालक की पहचान 22 वर्षीय डब्लू पुत्र निवासी सतपोखरी, मुगलसराय के रूप में हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
स्थानीय लोगों के मुताबिक चालक वाराणसी की ओर से आ रहा था. चर्चा है कि हादसे के समय वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके चलते ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गया. हालांकि, पुलिस ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच की जा रही है.
सूचना मिलने पर मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि चालक ऑटो के केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया. घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामान्य कराया.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































