बांदा: पुराने और बेशकीमती सोने के सिक्के’ बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को बांदा पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी लोगों का भरोसा जीतने के लिए पहले असली सोने जैसे दिखने वाले सिक्के दिखाता था और जैसे ही सौदा तय होता, चुपके से नकली सिक्के थमाकर 3 लाख लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान थाना कोतवाली नगर पुलिस ने मवई बाइपास से आरोपी कमलेश पुत्र रामप्रताप, निवासी बीरमपुर, थाना फतेहगंज (बांदा) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से ठगी के पूरे 3 लाख नकद और 5 नकली सिक्के बरामद किए गए हैं।
Also Read: इटावा: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, वांछित आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
मामला तब सामने आया जब हमीरपुर के राठ क्षेत्र निवासी पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने दुर्लभ और पुराने सोने के सिक्के बेचने का लालच देकर उससे ₹3 लाख ले लिए, लेकिन बाद में जो सिक्के मिले वे नकली निकले। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बड़ी चालाकी से लोगों को पुराने खजाने, ऐतिहासिक सिक्कों और मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर अपने जाल में फंसाता था। सौदा तय होने के बाद असली सिक्कों की जगह नकली या कम कीमत वाले सिक्के देकर लाखों रुपये की ठगी कर देता था।
अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया, क्या इसमें अन्य साथी भी शामिल हैं और प्रदेश के किन-किन जिलों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया गया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































