UP: इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में सोमवार रात वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। महेवा-अछल्दा मार्ग स्थित कुरियानी पुलिया के पास संदिग्ध इको कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तमंचे, कारतूस, चाकू और चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू, चोरी किया गया लोहे का कोलू बेलन और वारदात में इस्तेमाल की गई इको कार बरामद की है। बरामद वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
पूछताछ में चोरी की कई वारदातों का खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोनू कुमार, कोमल और जयद्रथ के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने हविलिया गांव से लोहे का कोलू बेलन चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने यह भी बताया कि इको कार का इस्तेमाल बकरी, इंजन और अन्य सामान चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाने के लिए किया जाता था।
बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Also Read: UP: राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना पर घमासान, विधवा ने लगाया 20 हजार गबन का आरोप
आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी पुलिस
इस ऑपरेशन में बकेवर थाना प्रभारी विपिन कुमार मलिक, उपनिरीक्षक रामबाबू और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास, उनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की भी गहन जांच कर रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































