वाराणसी: क्राइम ब्रांच बनकर लूटी थी 27 किलो चांदी, मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर नहीं, पैरों में लगी गोली

वाराणसी: लंका थाना क्षेत्र के लौटुबीर इलाके में सोमवार देर रात पुलिस और चांदी लूटकांड के आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उनके पैरों में गोली लगी। इस दौरान बदमाशों की गोली एसओजी प्रभारी गौरव कुमार के दाहिने हाथ में लग गई। मुठभेड़ के बाद तीनों घायलों को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

16 जुलाई की बड़ी लूट से जुड़ा है मामला

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी 16 जुलाई को चौक थाना क्षेत्र में हुई 27 किलो 327 ग्राम चांदी की लूट की वारदात में शामिल थे। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से करीब चार किलो चांदी, नकदी, अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस इस बरामदगी को मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता मान रही है।

Also Read: इटावा: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, वांछित आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर की कार्रवाई

एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी के अनुसार, चौक पुलिस और एसओजी की टीम लंबे समय से आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सोमवार रात सावन ड्यूटी समाप्त होने के बाद मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी लूट के माल के साथ लौटुबीर क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

बरामदगी के साथ आगे की जांच जारी

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से बरामद चांदी, नकदी और हथियारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के स्वस्थ होने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी, ताकि लूटकांड में शामिल अन्य बदमाशों और पूरे गिरोह के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Also Read: आजमगढ़: बिजली के पोल से टकराया डीजल टैंकर, ट्रांसफार्मर गिरते ही भड़की आग, ड्राइवर समेत 3 की जिंदा जलकर मौत

क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर लूटी थी 27 किलो से अधिक चांदी

गौरतलब है कि 16 जुलाई की शाम सुड़िया स्थित हेमा ज्वेलर्स का कर्मचारी 27 किलो 327 ग्राम चांदी लेकर महालक्ष्मी ज्वेलर्स जा रहा था। गोविंदपुरा मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर कर्मचारी को रोका और चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था और तभी से पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)