आजमगढ़: इंस्टाग्राम रील में डमी पिस्टल दिखाकर दहशत फैलाना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार

आजमगढ़: जिले में सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। सरायमीर थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर डमी पिस्टल लगाकर रील बनाकर आमजन में भय का माहौल बनाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने डमी पिस्टल भी बरामद की है।

थानाध्यक्ष सरायमीर के अनुसार, रविवार 03 अगस्त को उपनिरीक्षक प्रशान्त सिंह पुलिस टीम के साथ परिक्षेत्र आजमगढ़ के डीआईजी द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत कस्बा सरायमीर में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने की सूचना मिली।

Also Read: UP: इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, साथी समेत गिरफ्तार, तमंचा और बाइक बरामद

जांच करने पर पता चला कि अभिषेक सोनी पुत्र अनिल कुमार सेठ निवासी मोहल्ला ठठेरी बाजार, कस्बा सरायमीर ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘abhishek_seth_59’ पर पंजाबी गाने की धुन पर कमर में डमी पिस्टल लगाकर रील बनाई और पोस्ट कर दी थी। वीडियो सामने आते ही क्षेत्र में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों ने इस पर आपत्ति जताते हुए पुलिस से शिकायत भी की।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के वीडियो से क्षेत्र में भय और अफवाह का माहौल बन रहा था। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से हिरासत में ले लिया। तलाशी में उसके पास से 1 डमी पिस्टल पुलिस ने बरामद किया।

Also Read: इटावा: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, वांछित आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

आरोपी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उ0नि0 प्रशान्त सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत ऐसे सभी लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है जो सोशल मीडिया पर हथियार दिखाकर दहशत फैलाते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की भ्रामक और डराने वाली सामग्री न बनाएं और न ही उसे आगे बढ़ाएं। ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)