चंदौली: डीडीयू जंक्शन से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा स्टेशन

चंदौली: सावन के पावन माह में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर देखने को मिला. बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्तों के जत्थे यहां से रवाना हुए. ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा रेलवे स्टेशन भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया.

श्रद्धालु पहले बिहार के सुल्तानगंज पहुंचेंगे, जहां से गंगा जल लेकर लगभग 105 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करते हुए देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे. रंग-बिरंगी कांवर, भगवा वस्त्र और हाथों में ध्वज लिए श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. कई श्रद्धालु पहली बार इस यात्रा पर निकले हैं, जबकि कई वर्षों से इसे अपनी आस्था का अभिन्न हिस्सा मानते हुए हर सावन में बाबा धाम पहुंचते हैं.

Also Read: UP: कांवड़ यात्रा में दिखी सेवा और संस्कार की मिसाल, बहू ने पालकी में सास को बैठाकर पूरी की यात्रा

कांवरियों ने बताया कि बाबा बैद्यनाथ का बुलावा जिसे आता है, वही इस कठिन यात्रा को पूरा कर पाता है. रास्ते में छाले, दर्द, थकान और अन्य कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, लेकिन भगवान शिव के प्रति अटूट विश्वास हर पीड़ा को भुला देता है. उनका कहना था कि बाबा के दरबार में मिलने वाली शांति और आत्मिक सुख का अनुभव कहीं और नहीं मिलता.

श्रद्धालुओं ने रेलवे प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी सराहना की. उन्होंने बताया कि इस बार यात्रियों के लिए पहले से बेहतर इंतजाम किए गए हैं. बिना लहसुन-प्याज का भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे यात्रा और अधिक सुगम हो गई है.

Also Read: सहारनपुर में कांवड़ मार्ग पर पुलिस की सख्ती, मुर्गों से लदे 2 पिकअप और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सीज

सावन के इस पावन अवसर पर डीडीयू जंक्शन से रवाना हो रहे शिवभक्तों का उत्साह यह दर्शाता है कि बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा उनके लिए केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और समर्पण का महापर्व है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)