UP: चलती ट्रेन से फिसली महिला, GRP सिपाही ने सेकंडों में खींचकर बचाई जान, वीडियो वायरल

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया. रफ्तार पकड़ चुकी जनता एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच की खाई की ओर फिसलने लगी.

घटना के दौरान स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई. इसी बीच ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के सिपाही शिवपूजन चौधरी ने बिना समय गंवाए अद्भुत फुर्ती दिखाते हुए महिला को पकड़कर सुरक्षित बाहर खींच लिया. उनकी तत्परता से महिला की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया.

Also Read: बलिया: आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर डीएम का सख्त रुख, समय पर निस्तारण नहीं हुआ तो रुकेगा वेतन

घटना का पूरा घटनाक्रम स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला गिरते ही ट्रेन की ओर खिंचने लगती है, लेकिन सिपाही शिवपूजन चौधरी तुरंत दौड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लेते हैं.

इस साहसिक कार्य के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने सिपाही की बहादुरी की सराहना की.सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी सूझबूझ और साहस की जमकर तारीफ कर रहे हैं. यह घटना एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश से बचने की सीख देती है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)