सुलतानपुर: हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे नोखे मजरा मेघमऊ गांव में झटका मशीन की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त झटका मशीन, स्टेबलाइजर, बैटरी और करीब 10 मीटर विद्युत तार भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को पूरे नोखे निवासी पवन कुमार तिवारी ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि विपक्षी वैजनाथ तिवारी ने अपने खेत में विद्युत तार और झटका मशीन लगा रखी थी। कई बार कहने के बावजूद झटका मशीन और तार नहीं हटाए गए। इसी दौरान वादी के भतीजे आर्यन तिवारी पुत्र दूधनाथ तिवारी, उम्र करीब 16 वर्ष, इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर थाना हलियापुर में मुकदमा अपराध संख्या 91/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में वांछित वैजनाथ तिवारी की तलाश शुरू कर दी। सोमवार को पुलिस टीम ने आरोपी को उसके खेत से सुबह करीब 8:17 बजे गिरफ्तार कर लिया।
Also Read: UP: 21 दिन बाद जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना होगा मुश्किल, नई व्यवस्था लागू
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक झटका मशीन, एक स्टेबलाइजर, एक बैटरी और करीब 10 मीटर विद्युत तार बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी वैजनाथ तिवारी पुत्र स्वर्गीय विन्देश्वरी तिवारी, निवासी पूरे नोखे, मजरा मेघमऊ, थाना हलियापुर, उम्र करीब 59 वर्ष है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राम प्रकाश सिंह, कांस्टेबल चन्दन कुमार, कांस्टेबल रामबली राम और महिला कांस्टेबल आरती वर्मा शामिल रहे।



















































