आजमगढ़: अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम शंभूपुर में हुई घटना के बाद समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष हवलदार यादव के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए सरकार से मृतक परिवारों को पांच-पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों के भरण-पोषण की भी समुचित व्यवस्था सरकार को करनी चाहिए।
सपा जिलाध्यक्ष ने एनकाउंटर में मारे गए व्यक्ति के परिवार को तत्काल आवास उपलब्ध कराने की भी मांग की। उनका कहना था कि संबंधित मकान पुलिस द्वारा सील किए जाने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है, इसलिए सरकार को तत्काल उनके रहने की व्यवस्था करनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्रीय सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव, सपा जिला प्रवक्ता पप्पू कुमार यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।सपा जिला प्रवक्ता पप्पू कुमार यादव ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों की स्थिति को करीब से समझा और उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने की बात कही।














