Varanasi में तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार दो लोगों को कुचला, मौके पर मौत, फल बेचने निकले थे दोनों

Varanasi: लोहता थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसा महाजन इंटरनेशनल फैक्ट्री के पास हुआ। टक्कर के बाद ट्रक का पहिया दोनों के ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

जानिए क्या है पूरा मामला?

मृतकों की पहचान छेदी (60) और राशिद (18) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों साइकिल से फल बेचने का काम करते थे। शनिवार सुबह दोनों चांदपुर की ओर से अकेलवा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। छेदी की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, छेदी के दो बेटे हैं, जो शहर से बाहर नौकरी करते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची लोहता पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

ALSO READ: UP: हाथरस में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से वृद्ध की मौत

पुलिस के अनुसार, राहगीरों से सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर दोनों मृतकों के शव मिले। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद शवों को कब्जे में लिया। फिलहाल ट्रक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)