बाराबंकी में मौसम का ऑरेंज अलर्ट, 27 सितंबर सुबह तक भारी बारिश, वज्रपात की चेतावनी

बाराबंकी: जिले में खराब मौसम की संभावना को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश की चेतावनी के बाद प्रशासन ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 27 सितंबर 2026 की सुबह 8:30 बजे तक जिले में भारी वर्षा के साथ मेघगर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तथा झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने जिले के लोगों से अपील की है कि मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें और जरूरत न होने पर घर से बाहर निकलने से बचें। उन्होंने कहा कि नागरिक मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

Also Read: Saharanpur में बैनर लेकर SSP से मिलने पहुंचा बुजुर्ग, लिखा- ‘मेरा बेटा 4 जिलों का अपराधी है’

डीएम ने राजस्व, पुलिस, पंचायती राज, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत और सिंचाई समेत सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। निचले और जलभराव वाले इलाकों, जर्जर भवनों तथा नदी-नालों के आसपास विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

ALSO READ: अंतरिम राहत मिली तो विवेचक के सामने पहुंचे आरोपी हेड मुहर्रिर राधेश्याम 

प्रशासन ने लोगों को तेज हवा के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, कमजोर भवनों और अन्य असुरक्षित संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी है। वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और पानी वाले स्थानों पर जाने से बचने तथा सुरक्षित पक्के भवन में रहने को कहा गया है। टूटे बिजली तारों को न छूने और अफवाहों के बजाय केवल अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।

आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 05248-226017 और 9454418880 पर संपर्क किया जा सकता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)