Saharanpur: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान सोमवार को सहारनपुर कलेक्ट्रेट पर हंगामा हो गया। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर लेकर कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर कलेक्ट्रेट का गेट बंद कर दिया गया और मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस और कोंग्रेसियों के बीच हुई धक्का मुक्की में जिलाध्यक्ष संदीप राणा का कुर्ता भी फट गया।
जानिए क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि यह प्रदर्शन कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी विरोध के तहत किया गया। कांग्रेस ने 28 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाले पोस्टर लेकर कलेक्ट्रेट की तरफ बढ़ रहे थे। पुलिस ने पोस्टर को विवादित बताते हुए उसे रोकने और अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। पोस्टर की खींचतान में पोस्टर फटने से पुलिस कर्मी भी सड़क पर गिर गया। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पोस्टर छीनने की कोशिश के दौरान न सिर्फ पोस्टर फट गया, बल्कि जिलाध्यक्ष संदीप राणा का कुर्ता भी फट गया। जिसके बाद कांग्रेस नेताओं का आक्रोश फूट पड़ा। कोंग्रेसियों ने जिला मुख्यालय के मुख्य द्वार पर जाम लगा कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी और पुलिस आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक कांग्रेस नेता ने पुलिसकर्मी को धक्का दिया। देखते ही देखते मौके पर आपाधापी की स्थिति बन गई।
पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की के दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संदीप राणा समेत कुछ अन्य नेताओं के कपड़े फट गए। कांग्रेस कार्यकर्ता पोस्टर जलाने का प्रयास भी कर रहे थे, जिसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच खींचतान चलती रही। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद करा दिया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।हंगामे के बीच कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी कलेक्ट्रेट के गेट पर चढ़ गए।














