UP: 115वें दाऊजी मेले की पंजाबी नाइट में भीड़ बेकाबू, एंट्री गेट पर पुलिस ने भांजी लाठियां, वीडियो वायरल

UP: हाथरस के ऐतिहासिक 115वें श्री दाऊजी महाराज के लक्खी मेले में रविवार रात आयोजित पंजाबी नाइट कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ उमड़ने से व्यवस्थाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गईं। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने के बाद हालात संभालना पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती बन गया।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान शुरुआत में मंच के ऊपर ही कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके कारण कुछ देर के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा। मौके पर मौजूद आयोजकों व लोगों ने बीच-बचाव करते हुए लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया।

ALSO READ: UP: गोण्डा में चार मोबाइल और बाइक चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक फोन बरामद

वहीं कार्यक्रम स्थल के एंट्री गेट पर भीड़ का दबाव लगातार बढ़ता गया। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, जिसके चलते गेट पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों ने लाठियां भांजना शुरू कर दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति देखने को मिली और लोग इधर-उधर भागते नजर आए।

घटना के बाद मेले में आने वाले लोगों के बीच प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। लोगों का कहना है कि इस बार मेले के बड़े कार्यक्रमों में भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Also Read: मथुरा में 6 लाख की फर्जी लूट का खुलासा, एजेंट ने साथी संग रची थी साजिश, पूरी रकम बरामद

लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब दाऊजी मेले में इससे पहले भी हजारों की भीड़ वाले बड़े कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं, तो इस बार व्यवस्थाएं क्यों बिगड़ रही हैं। लोगों का कहना है कि एक-दो कार्यक्रमों को छोड़ दिया जाए तो पूर्व में अधिकांश कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होते रहे हैं।

अब सवाल यह है कि आने वाले बड़े कार्यक्रमों में प्रशासन भीड़ प्रबंधन को लेकर क्या ठोस व्यवस्था करता है, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति पैदा न हो।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)