UP: बांदा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध में समाजवादी पार्टी ने सोमवार को बांदा में जोरदार प्रदर्शन कर राजनीतिक माहौल गरमा दिया। पूर्व राज्यसभा सांसद विशंभर सिंह निषाद, बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव और जिलाध्यक्ष उमेश यादव के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे।कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप चौक से आंबेडकर पार्क तक पैदल मार्च निकाला।
इस दौरान SIR के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। आंबेडकर पार्क के पास पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, जिससे मौके पर माहौल गरमा गया। प्रदर्शन के बाद सपा जिलाध्यक्ष उमेश यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में SIR प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की गई।
Also Read: बिजनौर: SIR और मतदाता सूची को लेकर सपा ने उठाए सवाल, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
सपा नेताओं ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाने से पहले उसे पर्याप्त सूचना और अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। पार्टी ने प्रभावित मतदाताओं के नामों का स्वतंत्र और निष्पक्ष सत्यापन कराने की भी मांग की। ज्ञापन में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने और अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की गई।
सपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ उनकी गिरफ्तारी की मांग भी रखी। सपा नेताओं ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। SIR की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है,ताकि जनता का निर्वाचन व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे।














