UP: दीपावली से पहले हाथरस पुलिस का बड़ा एक्शन, 33 टन अवैध आतिशबाजी निर्माण सामग्री बरामद, 2 गिरफ्तार

UP: हाथरस में दीपावली पर्व को देखते हुए अवैध आतिशबाजी निर्माण सामग्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध आतिशबाजी निर्माण सामग्री बरामद की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जनपद में अवैध आतिशबाजी के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीमों द्वारा संभावित भंडारण और निर्माण स्थलों को चिन्हित कर लगातार चेकिंग और तलाशी की जा रही है।

Also Read: बुंदेलखंड में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा! केन-यमुना उफान पर, चिल्ला घाट पर भी बढ़ा जलस्तर

इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राम वार्ष्णेय पुत्र संतोष कुमार वार्ष्णेय, निवासी अईयापुर खुर्द और मनोज वार्ष्णेय पुत्र चंद्रभान, निवासी वालापट्टी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इनके कब्जे से 25 टन पोटाश और 8 टन गंधक, यानी कुल 33 टन अवैध आतिशबाजी निर्माण सामग्री बरामद करने का दावा किया है।

मामले में थाना कोतवाली नगर पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read:‘खुन्नस मिटाने के लिए मस्जिद पर बुलडोज़र चल रहे…’, भड़के AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी

वहीं, थाना हाथरस गेट पर भी अवैध आतिशबाजी निर्माण सामग्री के संबंध में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कुछ अन्य लोगों को नामजद किया गया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बुधवार रात जानकारी देते हुए बताया कि अवैध आतिशबाजी निर्माण सामग्री का भंडारण या निर्माण करने वाले अन्य लोगों और स्थानों को भी चिन्हित किया जा रहा है। जनसुरक्षा को देखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)