UP: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर स्थित जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा जाएगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई। बैठक के बाद सीएम योगी ने खुद मीडिया के सामने आकर फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश सरकार ने उनके योगदान के सम्मान में यह प्रस्ताव पारित किया है। इस दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत सहयोगी दलों के नेता भी मौजूद रहे।
2017 से पहले बदहाल व्यवस्था, अब विकास की नई पहचान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने 2014 में प्रधानमंत्री के काशी आगमन का जिक्र करते हुए कहा कि काशी से शुरू हुआ उनका जुड़ाव प्रदेश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ। सीएम योगी के मुताबिक, 2017 से पहले उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सुस्ती, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा था। इसके बाद पारदर्शी और तकनीक आधारित शासन व्यवस्था को बढ़ावा मिला, जिससे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई और निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ।
Also Read:लखनऊ में गोमती का रौद्र रूप! CM योगी ने संभाला मोर्चा, फैजुल्लागंज से नैमिष तक बनेगा तटबंध
60 हजार करोड़ से 42 हाईवे, मेट्रो और नमो भारत का विस्तार
सीएम योगी ने प्रदेश में विकसित हो रहे परिवहन नेटवर्क और बुनियादी ढांचे की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने बताया कि करीब 60 हजार करोड़ रुपये की लागत से 2,483 किलोमीटर लंबे 42 राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हुआ है। दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून, दिल्ली-मेरठ और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं को भी उन्होंने विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। इसके अलावा 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर परिचालन शुरू होने और लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद तथा नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने दादरी में मालवाहक रेल गलियारों के जंक्शन, वाराणसी में मल्टीमॉडल पोर्ट टर्मिनल, लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल असेंबली यूनिट और पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क को औद्योगिक विकास की अहम परियोजनाएं बताया।
जेवर एयरपोर्ट के चार चरण, पूरा होने पर बढ़ेगी कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया था। चार चरणों में विकसित किए जा रहे इस हवाई अड्डे के पहले फेज में लगभग 3,300 एकड़ भूमि पर टर्मिनल और रनवे तैयार किए गए हैं। इस चरण में सालाना करीब 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता निर्धारित की गई है। परियोजना पूरी होने के बाद एयरपोर्ट देश के प्रमुख विमानन केंद्रों में शामिल होने के साथ एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा। इससे उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी, कारोबार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
किसानों से लेकर गरीब परिवारों तक, योजनाओं के आंकड़े पेश
मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत तीन करोड़ से अधिक किसानों के खातों में एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि पहुंचाई गई है। वहीं, 86 लाख लघु एवं सीमांत किसानों का कर्ज माफ करने और किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से फसली ऋण उपलब्ध कराने की जानकारी दी। सीएम के मुताबिक, 65 लाख से अधिक गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, जबकि लगभग 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत 2.46 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन, उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ गैस कनेक्शन और करोड़ों शौचालयों का निर्माण भी सरकार की उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं, कृषि, उद्योग और परिवहन के क्षेत्र में हो रहे बदलाव उत्तर प्रदेश को विकास के नए रास्ते पर आगे ले जा रहे हैं।














