कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने घोषणा की है कि वह 6 जून को भारत लौटकर दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों और विवादों के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर छात्रों और समर्थकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
छात्रों के भविष्य का मुद्दा उठाने का दावा
वीडियो में अभिजीत दिपके ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था से जुड़े विवादों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उनके मुताबिक, शिक्षा प्रणाली में हुई कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय होना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर चलाए गए ऑनलाइन अभियान को बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन मिला है और देशभर में छात्र इस मुद्दे पर अपनी आवाज उठा रहे हैं।
Also Read: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का X अकाउंट बैन, फाउंडर अभिजीत दिपके भड़के
संवैधानिक तरीके से आंदोलन की बात
दिपके ने बताया कि दिल्ली पहुंचने के बाद उनके समर्थक एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे, जिसके बाद वे संसद मार्ग थाना जाकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण होगा तथा भारतीय संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों के तहत अपनी बात रखी जाएगी। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाएं।
क्या है कॉकरोच जनता पार्टी और क्यों बढ़ी चर्चा?
कॉकरोच जनता पार्टी एक सोशल मीडिया आधारित युवा आंदोलन है, जिसकी शुरुआत अभिजीत दिपके ने की थी। यह प्लेटफॉर्म हाल के वर्षों में सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुआ है और इसके इंस्टाग्राम पर 22 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स बताए जाते हैं। अब 6 जून को प्रस्तावित प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी हैं। दिलचस्प यह होगा कि सोशल मीडिया पर दिख रहे समर्थन का कितना हिस्सा वास्तविक रूप से दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन में नजर आता है।

















































