बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने सीमा क्षेत्र में एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत की स्मैक बरामद की। पुलिस ने आरोपी की बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सीमा क्षेत्र में लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने पिलर संख्या 651/11 के पास संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली।
Also Read: UP: 5.5 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार! बाइक से गांव-गांव पहुंचाता था नशा
पूछताछ में आरोपी की पहचान जावेद खां (36) पुत्र महमूद खां, निवासी सुभानपुरवा टेपरा, थाना रामगांव, बहराइच के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 50 लाख रुपये कीमत की स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा एक बाइक और ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी हरेंद्र मिश्रा के अनुसार, आरोपी को शुक्रवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया। मामले की जांच की जा रही है।



















































