चंदौली: शनिवार को अलीनगर क्षेत्र में जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर छात्र नेता अंकित यादव के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। लोगों ने जलभराव से हो रही परेशानियों को लेकर नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द जल निकासी की मांग की।
प्रदर्शन की सूचना पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह और चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जलभराव से प्रभावित बस्ती का निरीक्षण करने के साथ पानी निकासी के लिए लगाए गए पंपों की स्थिति भी देखी।
मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अलीनगर का यह क्षेत्र निचला इलाका होने के कारण बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। फिलहाल पंपों के माध्यम से पानी निकाला जा रहा है। स्थायी समाधान के लिए मुख्य सड़क के किनारे नाला निर्माण और पुलिया बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एल-शेप में बने नाले को सीधा कराने की बात कही गई, जिससे पानी का बहाव तेज हो सके।
Also Read: Azamgarh: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
छात्र नेता अंकित यादव ने कहा कि नगरपालिका के ईओ स्वयं पानी में उतरकर बस्ती की स्थिति देखने पहुंचे। जिलाधिकारी ने भी मौके पर पहुंचकर जल्द जल निकासी का आश्वासन दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन करते हुए नगरपालिका का घेराव किया जाएगा।
स्थानीय निवासी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि वार्ड नंबर 5, 3 और 16 में नाली तथा शौचालय का गंदा पानी घरों में घुस गया है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बच्चों का घर से निकलना मुश्किल है और बीमारी के साथ कीड़े-मकोड़ों का खतरा भी बना हुआ है।
Also Read: UP: पूर्वांचल को मिला नया विश्वविद्यालय, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी, इस जिले को मिली सौगात
चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद ने बताया कि पानी निकासी के लिए 20 एचपी का एक पंप, 3-3 एचपी के पांच पंप और ट्रैक्टर-माउंटेड पंप लगाए गए हैं। बारिश नहीं होने पर जल्द ही पानी पूरी तरह निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी का नाला पूरा होने के बाद जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद है।
प्रदर्शन में मोहम्मद आरिफ, अंकित यादव, रितेश यादव, भोले, सोनू चौहान, कैमूस, सभासद आनंद यादव, गौरी, आरती देवी, मौजूद रहे।



















































