गोण्डा : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय गोण्डा में भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा की भावना से जुड़ा भावनात्मक दृश्य देखने को मिला। सेंट जेवियर्स स्कूल एवं सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक को राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
छात्राओं ने एसपी की कलाई पर राखी बांधकर मिठाई खिलाई और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की खुशियां साझा कीं रक्षाबंधन के अवसर पर छात्राओं ने पुलिस कर्मियों को भी राखियां बांधीं। पुलिस परिवार के साथ पर्व की खुशियां साझा करते हुए छात्राओं ने पुलिसकर्मियों के प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। छात्राओं द्वारा राखी बांधे जाने के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय का वातावरण आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण नजर आया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक ने छात्राओं को स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के बीच प्रेम का पर्व ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे की सुरक्षा, विश्वास और सम्मान की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है।
ALSO READ: Azamgarh: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को संदेश देते हुए कहा कि वे बिना किसी भय के अपने सपनों की ओर आगे बढ़ें और शिक्षा को अपनी सफलता का आधार बनाएं।
उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया छात्राओं ने भी पुलिस अधीक्षक और पुलिस कर्मियों के साथ रक्षाबंधन मनाकर अपनेपन का संदेश दिया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने छात्राओं के प्रति स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया। पुलिस कार्यालय में आयोजित यह छोटा-सा आयोजन भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं आत्मीयता की भावना को भी मजबूत करता नजर आया।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































