कमालगंज की मधु गैस एजेंसी पर डीएम-एसपी का छापा, लापरवाही पर जताई कड़ी नाराजगी

फर्रुखाबाद : जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गुरुवार को कमालगंज स्थित मधु गैस एजेंसी पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एजेंसी की कार्यप्रणाली में भारी लापरवाही सामने आई, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 08 अप्रैल को की गई गैस बुकिंग की डिलीवरी अब तक उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंची है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और एजेंसी संचालक को फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद के सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की 100 प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: हिंदू छात्राओं पर टारगेट…. KGMU में पकड़े गए 12वीं पास ‘डॉक्टर’ हस्साम अहमद मामले में चौंकाने वाले खुलासे

निरीक्षण के दौरान कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि उन्हें बिना गैस प्राप्त किए ही डिलीवरी का संदेश भेज दिया जाता है। इस गंभीर अनियमितता को जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि बिना वास्तविक डिलीवरी के किसी भी उपभोक्ता को डिलीवरी संदेश न भेजा जाए और सभी बुकिंग की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद प्रशासनिक सख्ती से गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Also Read: ‘पैसे और ‘जन्नत’ का लालच…’, KGMU में पकड़े गए 12वीं पास डॉक्टर हस्साम अहमद मामले में चौंकाने वाले खुलासे