चेन स्नैचिंग कर भाग रहे बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली, तीसरे ने किया आत्मसमर्पण

फतेहपुर : सदर कोतवाली क्षेत्र के मदारीपुर कला गांव के जंगल में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे ने मौके पर ही हथियार डालकर आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि महिला से चेन लूटकर बदमाश जंगल की ओर भागे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें ईशु रावत उर्फ अनुभव और अंशु कुशवाहा के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए। वहीं, तीसरा आरोपी सौरभ उर्फ करन पटेल ने मौके पर ही असलहा फेंककर सरेंडर कर दिया।

Also Read: Noida Labour Protest: नोएडा में फिर बवाल! सेक्टर-80 में फिर भड़का मजदूरों का प्रदर्शन, पुलिस ने संभाला मोर्चा

तीनों आरोपी प्रयागराज के निवासी

बता दें कि तीनों आरोपी प्रयागराज के निवासी बताए जा रहे हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से असलहे भी बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और उनके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इलाके में पुलिस की सक्रियता से लोगों ने राहत की सांस ली है।