मुरादाबाद : मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव डिंगरपुर में टायर मरम्मत के मात्र 300 रुपए मांगने पर एक ट्रक चालक ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। चालक ने पैसे देने के विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
300 रुपए मजदूरी मांगने पर बढ़ा विवाद
मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी परवेज मुशर्रफ डिंगरपुर में स्थित एक टायर पंचर की दुकान पर अपने बहनोई इस्तेखार आलम के साथ काम करता था।बृहस्पतिवार की देर शाम एक ट्रक चालक पहिया मरम्मत कराने दुकान पर आया परवेज ने टायर खोलकर उसकी रिपेयरिंग की और मजदूरी के रूप में 300 रुपए मांगे। इस बात पर शराब के नशे में धुत चालक गाली-गलौज और विवाद करने लगा।
बचाव में आए बहनोई के सीने में घोंपा चाकू
विवाद बढ़ता देख परवेज ने मदद के लिए अपने बहनोई इस्तेखार आलम को आवाज लगाई। इस्तेखार ने मौके पर पहुंचकर चालक की इस हरकत का विरोध किया और पूरे पैसे देने को कहा।इस बात से गुस्साया चालक अपने ट्रक के ऊपर गया और वहां से एक धारदार चाकू निकाल लाया। उसने नीचे उतरकर सीधे इस्तेखार के सीने पर चाकू से जोरदार वार कर दिया।
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी की तलाश जारी
चाकू लगने से इस्तेखार लहूलुहान होकर गिर गया और काफी खून बह गया। परिजन और आसपास के लोग उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ समय चल उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उपचार के दौरान इसतेकार ने दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रक चालक की पहचान रामपुर जिले के टंडाई गांव निवासी करीम के रूप में हुई है, जो खुद भी इस मारपीट के दौरान घायल हो गया और डिंगरपुर के ही एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।














