समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने अपने छोटे भाई प्रतीक यादव (Prateek Yadav) के निधन पर गहरा दुख जताया है। लखनऊ स्थित (KGMU) में पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद अखिलेश यादव ने कहा कि, मैंने प्रतीक को बचपन से देखा है। आज वे हमारे बीच नहीं है। हमें इस बात का बहुत दुख है। परिवार इस मामले में वही कदम उठाएगा जो कानून और परिजनों की इच्छा के अनुरूप होगा। उन्होंने कहा कि प्रतीक का अचानक चले जाना पूरे परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है।
हाल ही में हुई थी दोनों भाइयों की मुलाकात
अखिलेश यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उनकी प्रतीक से मुलाकात हुई थी। उस दौरान उन्होंने छोटे भाई को सेहत का विशेष ध्यान रखने और अपने कारोबार पर फोकस करने की सलाह दी थी। अखिलेश के अनुसार, प्रतीक अपने काम को लेकर काफी गंभीर रहते थे और आगे बढ़ने की लगातार कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रतीक मेहनत के दम पर अपनी अलग पहचान बनाना चाहते थे।
Also Read: अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस
कारोबार और आर्थिक परेशानियों से रहते थे चिंतित
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि कई बार कारोबार में उतार-चढ़ाव और आर्थिक दबाव की वजह से प्रतीक मानसिक रूप से परेशान हो जाते थे। हालांकि, इसके बावजूद वे लगातार मेहनत करते रहे। उन्होंने कहा कि प्रतीक जीवन में कुछ बड़ा करना चाहते थे और अपने दम पर आगे बढ़ने की इच्छा रखते थे।
बचपन से फिटनेस को लेकर थे जागरूक
अखिलेश यादव ने अपने भाई को याद करते हुए कहा कि प्रतीक बचपन से ही अपनी सेहत और फिटनेस को लेकर काफी जागरूक थे। उन्होंने उन्हें एक बेहद अच्छा और सरल स्वभाव का इंसान बताया। अखिलेश ने कहा कि परिवार इस दुख की घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा और कानूनी नियमों का पालन करेगा।

















































