Jaunpur: यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल अभी से तेज होने लगी है। जौनपुर में AIMIM ने सदस्यता अभियान शुरू कर चुनावी तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। पार्टी के प्रदेश सचिव व अधिवक्ता हाईकोर्ट नायाब अहमद ने अभियान की शुरुआत करते हुए लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई और BJP, SP और BSP पर जमकर हमला बोला। नायाब अहमद ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि AIMIM से लगातार अलग-अलग वर्गों के लोग जुड़ रहे हैं और पार्टी का संगठन प्रदेश में मजबूत हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में AIMIM मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।
जानिए मामले से जुड़ी पूरी जानकारी
बसपा नेता आकाश आनंद को लेकर भी नायाब अहमद ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि AIMIM आकाश आनंद को पार्टी में आने की खुली दावत देती है और उनके आने पर उनका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी जाएगी। साहनपुर में मस्जिद ध्वस्तीकरण के मुद्दे पर नायाब अहमद ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इस कार्रवाई को लेकर सरकार से सवाल भी खड़े किए।
वहीं 2027 को लेकर नायाब अहमद ने बड़ा सियासी दावा करते हुए कहा कि AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली उत्तर प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। साथ ही उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनने का दावा किया और कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में AIMIM की सरकार बनेगी।सपा और बसपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि BJP को हराने के लिए दोनों दलों को AIMIM के साथ गठबंधन करना होगा। उन्होंने दावा किया कि AIMIM के बिना BJP को हराना मुश्किल है। जौनपुर में सदस्यता अभियान के बहाने AIMIM ने जहां अपनी सियासी ताकत दिखाने की कोशिश की है, वहीं नायाब अहमद के बयानों ने 2027 के चुनाव को लेकर सियासी चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































