फर्रुखाबाद में स्मार्ट मीटर को लेकर भड़का जनाक्रोश: कमालगंज में सड़कों पर उतरे उपभोक्ता, बोले— “रिचार्ज के बाद भी कट रही बिजली”

कमालगंज, फर्रुखाबाद : स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। बुधवार को कमालगंज क्षेत्र में सैकड़ों उपभोक्ता सड़कों पर उतर आए और स्मार्ट मीटर के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान पूरे इलाके में “स्मार्ट मीटर वापस लो” और “जबर्दस्ती बंद करो” जैसे नारों की गूंज सुनाई दी।

जानकारी के मुताबिक, विरोध मार्च तपस्वी वाले बाग से शुरू होकर पावर हाउस तक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर साफ लिखा था कि वे किसी भी हाल में स्मार्ट मीटर को स्वीकार नहीं करेंगे।

Also Read : गोरखपुर से उठी आवाज अब देशभर के छोटे व्यापारियों के हितों से जुड़ी—संसद में उठाए गए मुद्दे पर केंद्र सरकार का सकारात्मक आश्वासन

प्रदर्शन में शामिल उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए। स्थानीय निवासी घनश्याम का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल अचानक बढ़ गए हैं और मीटर में लगातार तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। वहीं, सभासद अजय कुमार दिवाकर ने बताया कि सबसे बड़ी समस्या यह है कि रिचार्ज होने के बावजूद भी बिजली सप्लाई अचानक काट दी जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए और पहले मौजूदा समस्याओं का समाधान किया जाए।

Also Read : योग समग्र स्वास्थ्य के साथ मोक्ष का भी साधन : डॉ. तोमर

वहीं, बिजली विभाग ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह पारदर्शी व्यवस्था है। एसडीओ रवि कुमार पांडे के मुताबिक, उपभोक्ताओं से केवल उनके वास्तविक उपयोग के अनुसार ही बिल लिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को कोई समस्या है, तो विभाग में शिकायत दर्ज कराई जाए, जिसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

फिलहाल, स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ता यह विरोध प्रशासन के लिए चुनौती बनता जा रहा है। अगर समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो यह आंदोलन और तेज हो सकता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)