पानी की टंकी पर 16 घंटे फंसे दो बच्चों का एयरफोर्स MI-17 हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू, गोरखपुर एयरफोर्स अस्पताल में भर्ती

सिद्धार्थनगर। काशीराम आवास कॉलोनी में शनिवार को पांच बच्चों ने रील बनाने के लिए 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ाई की। उतरते समय सीढ़ी टूट गई, जिससे तीन बच्चे नीचे गिर पड़े। इनमें से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दो बच्चे रॉड पकड़कर लटक गए और बाद में किसी तरह टंकी पर चढ़ने में सफल हुए।

16 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, दलदल ने बढ़ाई मुश्किल

टंकी के चारों ओर दलदल होने के कारण रेस्क्यू कार्य में भारी दिक्कतें आईं। हाइड्रॉलिक क्रेन मंगाई गई, लेकिन दलदल में क्रेन टंकी तक नहीं पहुंच पाई। प्रशासन ने 150 मीटर लंबी सड़क बनाने का काम शुरू किया और देर रात तक 120 मीटर तक सड़क तैयार कर ली गई।

रात करीब 3 बजे तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे काम रोकना पड़ा। हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने एयरफोर्स से मदद मांगी।

Also Read : सैफई में पत्रकार पर हमला : फर्जी प्रधान संदीप उर्फ डंपी गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश जारी

एयरफोर्स का MI-17 हेलिकॉप्टर पहुंचा, दोनों बच्चों को सुरक्षित निकाला

रविवार सुबह करीब 5:20 बजे एयरफोर्स का MI-17 हेलिकॉप्टर घटनास्थल पर पहुंचा। हेलिकॉप्टर से दोनों बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। दोनों बच्चों को तुरंत गोरखपुर के एयरफोर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रशासन और स्थानीय लोगों में राहत

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, SDRF और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। 16 घंटे तक चले इस जटिल रेस्क्यू ऑपरेशन के सफल समापन पर स्थानीय लोगों और प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

Also Read : बहराइच में बहन से मिलकर लौट रहे किशोर की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर; शादी की तैयारी के बीच टूटा परिवार

मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और मृत बच्चे के परिवार को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

यह घटना एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और टंकी जैसी ऊंची जगहों पर प्रतिबंध लगाने की जरूरत को रेखांकित करती है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )