फतेहपुर: जनपद के हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित खुसरूपुर गंगा घाट पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. गंगा नदी में स्नान के दौरान 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया. घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
जानकारी के अनुसार, रवि कुमार (18) पुत्र ओमप्रकाश, थाना थरियांव क्षेत्र के नेवादा गांव का निवासी है. वह अपने नाना के घर खुसरूपुर गांव आया हुआ था और अपनी मौसी के साथ गंगा स्नान करने गया था. स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया.
सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस और ओम घाट भिटौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की संयुक्त टीम युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान चला रही है. समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था.
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में चिंता का माहौल है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गंगा नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से बचें और पूरी सतर्कता बरतें.



















































