UP: मीरगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक 12 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की गईं. इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और स्थानीय निवासियों व परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
पीड़ित किशोरी के पिता ने पुलिस को दी तहरीर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 14 जुलाई 2026 की है. पीड़ित किशोरी के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सुबह करीब 8 बजे उनकी बेटी घर पर अकेली थी. परिवार के अन्य सदस्य खेतों पर काम करने गए हुए थे. इसी एकांत का फायदा उठाकर गांव मोहम्दगंज निवासी आरोपी राम सेवक पुत्र रामाधार भगत जबरन उनके घर में घुस आया. आरोपी ने वहां मौजूद नाबालिग किशोरी के साथ न केवल अश्लील हरकतें कीं, बल्कि उसे डराने-धमकाने का प्रयास भी किया.
Also Read: दुबई में दबोचा गया महाठग राशिद नसीम, ED लेकर आएगी भारत, 100 से ज्यादा फर्जी FIR दर्ज
परिजनों ने जताया गहरा आक्रोश
घबराई और डरी हुई किशोरी ने किसी तरह वहां से भागकर खेतों पर काम कर रहे अपने परिजनों को आपबीती सुनाई. पिता का आरोप है कि आरोपी राम सेवक की यह हरकत पहली बार नहीं है. वह पहले भी किशोरी को आते-जाते समय परेशान करता रहा है, लेकिन घर में घुसकर दुस्साहस दिखाने की इस घटना ने सबको हिलाकर रख दिया है.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मीरगंज थाना पुलिस ने गुरुवार रात को ही आरोपी राम सेवक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. मीरगंज पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पष्ट किया है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, आरोपी की धर-पकड़ के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके.
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































