अमेठी: बिना नंबर के डंपर सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग सिर्फ कागजी कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी करता नजर आ रहा है। जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों में सबसे अधिक घटनाएं डंपरों से जुड़ी सामने आ रही हैं। दिन-रात बेखौफ दौड़ रहे इन भारी वाहनों पर कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति किए जाने के आरोप लग रहे हैं।
दरअसल, जिले की सड़कों पर बड़ी संख्या में बिना नंबर प्लेट के डंपर संचालित हो रहे हैं। इनकी चपेट में आकर लगातार लोगों की जान जा रही है, लेकिन परिवहन विभाग की सख्ती धरातल पर दिखाई नहीं दे रही। बीते एक सप्ताह में डंपर की टक्कर से दो लोगों की मौत हो चुकी है। कई मामलों में चालक हादसे के बाद मौके से फरार होने में भी सफल रहे। बिना नंबर होने के कारण ऐसे वाहनों की पहचान कर पाना पुलिस और ग्रामीणों के लिए भी मुश्किल साबित हो रहा है।
गौरीगंज से लेकर अमेठी, अठेहा, जामो, मुसाफिरखाना और सुल्तानपुर रोड तक ये डंपर खुलेआम फर्राटा भरते नजर आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते इन वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है, जिससे हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
वहीं, पीटीओ दिनेश कुमार रावत का कहना है कि विभाग द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बिना नंबर और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर चालान तथा सीज की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 20 से अधिक वाहनों का चालान किया जा चुका है और अभियान लगातार जारी है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )















































