UP: परशुराम प्रतिमा से छेड़छाड़, फरसा-धनुष क्षतिग्रस्त, आरोपी की तलाश तेज

UP: हाथरस थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के बुर्ज वाला कुआं के पास भगवान श्री परशुराम की प्रतिमा के फरसा और धनुष को क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बाइक से मौके पर आता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया गया है कि युवक ने प्रतिमा पर पत्थर मारा और इसके बाद बाइक से मौके से चला गया।

Also Read: अमेठी: विनोद साहनी हत्याकांड में चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर कथित हमले से गरमाया मामला, निष्पक्ष जांच की मांग

घटना के बाद युवक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच टीमों का गठन कर उन्हें लगाया है। इसके अलावा आरोपी की तलाश और पहचान के लिए एसओजी तथा एंटी थेफ्ट टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस टीमों द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने के साथ ही उसके आने-जाने के रास्तों और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ब्राह्मण समाज के लोगों में भी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इस पूरे मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह ने जानकारी देते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की तलाश तेज कर दी गई है और उसकी पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)