UP: आगरा कैंट घटना पर भड़के रेलवे कर्मचारी, फिरोजाबाद स्टेशन पर किया जोरदार प्रदर्शन, दोषी RPF कर्मियों पर कार्रवाई की मांग

UP: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (डिप्टी एसएस) नरेंद्र चाहर के साथ कथित मारपीट और अभद्रता की घटना के विरोध में गुरुवार को फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए दोषी आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और रेलवे प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की अपील की।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि यह विरोध केवल फिरोजाबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि 12 जुलाई से देश के 69 रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन मास्टर और रेलवे कर्मचारी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि आगरा कैंट स्टेशन पर हीराकुंड एक्सप्रेस के ठहराव के दौरान ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस नरेंद्र चाहर ने एक महिला यात्री की मदद करते हुए कथित अवैध वसूली का विरोध किया था।

Also Read: UP: 8 साल से फरार लूट का वारंटी हिस्ट्रीशीटर जीआरपी के शिकंजे में, ठिकाने बदलकर बचता रहा आरोपी

इसी बात से नाराज होकर आरपीएफ के कुछ जवानों ने उनके साथ मारपीट की, कार्यालय से बाहर घसीटते हुए करीब 300 मीटर तक ले गए और अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद रेलवे कर्मचारियों में व्यापक आक्रोश है।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि नरेंद्र चाहर पूर्व सैनिक हैं, जिन्होंने सेना में रहकर देश की सेवा की और अब रेलवे में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका कहना था कि यदि ड्यूटी पर तैनात एक अधिकारी के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान पर भी सवाल खड़े होते हैं।

Also Read: UP: कर्मचारी की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने एसपी कार्यालय घेरा, निष्पक्ष जांच की मांग

रेलवे कर्मचारियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा देशभर में विरोध प्रदर्शन तेज किए जाएंगे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)