UP: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती के अवसर पर 5 अगस्त को लखनऊ में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन में शामिल होने के लिए अमेठी से सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रवाना हुए। दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ निकले प्रतिनिधिमंडल में ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया।
प्रदेशव्यापी सम्मेलन को लेकर सपा का दावा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस सम्मेलन को लेकर पार्टी ने दावा किया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग लखनऊ पहुंच रहे हैं। सपा का कहना है कि यह आयोजन स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र के विचारों और समाजवादी मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।
अनुमति नहीं मिलने पर सरकार पर साधा निशाना
सम्मेलन से पहले समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने लखनऊ स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क और डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी। पार्टी ने इसे ब्राह्मण समाज के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
अमेठी से जिलाध्यक्ष के निर्देश पर रवाना हुआ दल
अमेठी में सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल को लखनऊ के लिए रवाना किया गया। जिला प्रवक्ता राजेश मिश्रा एडवोकेट के नेतृत्व में ब्राह्मण समाज के सदस्य और समाजवादी कार्यकर्ता दर्जनों वाहनों के साथ सम्मेलन में शामिल होने के लिए निकले।
जनेश्वर मिश्र के विचारों को बताया प्रेरणास्रोत
रवाना होने से पहले राजेश मिश्रा ने कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र का पूरा जीवन सादगी, संघर्ष, सामाजिक न्याय और समाजवादी विचारधारा के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज के हर वर्ग को प्रेरित करते हैं और समाजवादी पार्टी इन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस प्रतिनिधिमंडल में नरेंद्र पाठक, अनुज मिश्रा, संतोष शर्मा, शिवकुमार दुबे, दिनेश पांडे, रवींद्र शुक्ला और दीपू तिवारी समेत कई कार्यकर्ता एवं ब्राह्मण समाज के सदस्य शामिल रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )


















































