UP: रायबरेली जिला कारागार में बंद हत्या के मामले के एक सजायाफ्ता कैदी की मंगलवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रतापगढ़ जिले के लीलापुर थाना क्षेत्र स्थित धरौरा गांव निवासी 51 वर्षीय सुग्गन के रूप में हुई है। वह हत्या के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।
जेल में अचानक बिगड़ी तबीयत, तुरंत अस्पताल भेजा गया
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 8:30 बजे सुग्गन की अचानक तबीयत खराब हो गई और वह अचेत होकर गिर पड़ा। जेल में मौजूद चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस से इमरजेंसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
Also Read: UP: सहारनपुर में बड़ा फर्जीवाड़ा! जिंदा लोगों को सरकारी रिकॉर्ड में दिखाया मृत, जांच शुरू
प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका
जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार शुरुआती जांच में मौत का संभावित कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और जेल प्रशासन ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हत्या के मामले में काट रहा था आजीवन कारावास
सुग्गन के खिलाफ वर्ष 2011 में रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायालय ने 28 जनवरी 2025 को उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके साथ ही अदालत ने उस पर 60 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया था, जिसके बाद से वह रायबरेली जिला कारागार में निरुद्ध था।
Also Read: आजमगढ़: इंस्टाग्राम रील में डमी पिस्टल दिखाकर दहशत फैलाना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार
परिजनों को दी गई सूचना, विधिक प्रक्रिया जारी
घटना के बाद जेल प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि मामले में नियमानुसार सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )


















































