UP: सऊदी से लौटे बेटे की संदिग्ध मौत! पिता ने उठाई कब्र खोदकर पोस्टमार्टम कराने की मांग

UP: फतेहपुर जनपद फतेहपुर में एक बुजुर्ग पिता अपने बेटे की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए दर-दर भटकने को मजबूर है. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे की हत्या कर दी गई और बिना उसकी सहमति के शव को जल्दबाजी में दफना दिया गया. अब वह कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है.

पीड़ित रमजान खान, पुत्र स्वर्गीय लियाकत हुसैन, निवासी ग्राम जिगनी, थाना बिंदकी, जिला फतेहपुर ने अधिकारियों को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसका पुत्र किफायत उल्ला लगभग चार वर्ष तक सऊदी अरब में नौकरी करने के बाद 16 मई 2026 को अपने घर लौटा था. विदेश में रहने के दौरान उसने अपनी पत्नी तैयबा खातून और अपने बहनोई रईसुल, पुत्र जहीर खान, के बैंक खातों में लगभग 12 से 13 लाख रुपये भेजे थे.

Also Read: UP: 8 साल से फरार लूट का वारंटी हिस्ट्रीशीटर जीआरपी के शिकंजे में, ठिकाने बदलकर बचता रहा आरोपी

शिकायत के अनुसार, घर लौटने के बाद किफायत उल्ला ने अपने पिता से पूछा कि विदेश से भेजी गई रकम उन्हें मिली या नहीं. पिता ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है. इसके बाद किफायत उल्ला ने अपनी पत्नी और बहनोई से पैसों के बारे में पूछताछ की, लेकिन दोनों कथित रूप से टालमटोल करने लगे.पीड़ित का आरोप है कि 22 मई 2026 की रात लगभग 10 बजे उसकी बहू तैयबा खातून और दामाद रईसुल ने मिलकर उसके बेटे को जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि दोनों के बीच कथित अवैध संबंध थे और इसी कारण पैसों के विवाद के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया गया.रमजान खान का कहना है कि बेटे की मौत के बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध शव को घर के पीछे स्थित कब्रिस्तान में जल्दबाजी में दफना दिया गया. उनका आरोप है कि उन्हें यह कहकर डराया-धमकाया गया कि यदि उन्होंने पुलिस से शिकायत की तो पूरे परिवार को परेशान किया जाएगा. भय के कारण वह तत्काल शिकायत नहीं कर सके.पीड़ित का दावा है कि दफनाने से पहले उसके बेटे का शव नीला पड़ गया था, जिससे उसे विष देकर हत्या किए जाने की आशंका और अधिक प्रबल हो गई.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)