यूपीपीसीएस में 126वीं रैंक हासिल कर बने असिस्टेंट कमिश्नर, कायमगंज में अभिषेक राजपूत का स्वागत

कायमगंज, फर्रुखाबाद। यूपीपीसीएस 2024 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 126वीं रैंक हासिल कर जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर पद पर चयनित हुए अभिषेक राजपूत का कायमगंज पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का पल बताया।

जैसे ही अभिषेक कायमगंज क्षेत्र से सटे गांव टिलियां पहुंचे, स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया। जगह-जगह लोगों ने उन्हें सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और छात्र मौजूद रहे।

अभिषेक राजपूत मूल रूप से एटा जनपद के मारहरा क्षेत्र के निवासी हैं। उनकी इस बड़ी उपलब्धि ने परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम के दौरान उनके पिता डोरी सिंह, जो पेशे से शिक्षक हैं, और माता सर्वेश कुमारी, जो शिक्षिका हैं, भी मौजूद रहीं। बेटे की सफलता पर दोनों बेहद भावुक और गौरवान्वित नजर आए।

Also Read : सैफई में पत्रकार पर हमला : फर्जी प्रधान संदीप उर्फ डंपी गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश जारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिषेक राजपूत ने छात्रों और युवाओं को सफलता का मूल मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि “जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठिन परिश्रम, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य ही सफलता की असली पहचान है। जो छात्र शुरुआत से अपना लक्ष्य तय कर मेहनत करता है, वह एक दिन जरूर सफल होता है।”

उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता का सम्मान करने, समय का सही उपयोग करने और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। अभिषेक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में अपार प्रतिभा है, जरूरत सिर्फ सही दिशा और मेहनत की है।

उनके स्वागत कार्यक्रम में हरिओम राजपूत, नीरज राजपूत, महेंद्र राजपूत, भूपेंद्र सिंह राजपूत, कप्तान सिंह राजपूत, अनूप राजपूत, मंजेश राजपूत समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Also Read : बहराइच में बहन से मिलकर लौट रहे किशोर की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर; शादी की तैयारी के बीच टूटा परिवार

अभिषेक राजपूत की इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं के लिए नई प्रेरणा पैदा की है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि अगर इरादे मजबूत हों तो छोटे कस्बों और गांवों से निकलकर भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )