पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल, चोरी का कॉपर तार व तमंचा बरामद

फतेहपुर : फतेहपुर जनपद के थाना कल्यानपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजते हुए उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी का कॉपर तार और मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार थाना कल्यानपुर पुलिस रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम भाऊपुर मोड़ के पास पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपी ने भागने की कोशिश की तथा पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल बदमाश की पहचान अलीरजा पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी ग्राम चौड़गरा थाना कल्यानपुर जनपद फतेहपुर के रूप में हुई। आरोपी थाना कल्यानपुर में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 230/2025 धारा 305 बीएनएस में वांछित चल रहा था और क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अपराधी बताया जा रहा है।

Also Read : यूपी में मौसम का कहर! CM योगी ने अधिकारियों को दिया फील्ड पर उतरने का निर्देश, मुआवजे का ऐलान

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, करीब साढ़े नौ मीटर चोरी का कॉपर तार तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों सहित अन्य जनपदों में भी एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना कल्यानपुर पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)