UP: रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र स्थित पुरई का पुरवा गांव में बुधवार रात एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवती का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
रात में परिजनों को मिली घटना की जानकारी
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान पूजा यादव (19) पुत्री परमेश्वर यादव के रूप में हुई है। बुधवार देर रात करीब 11 बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई। जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो पूजा का शव फंदे से लटकता मिला। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
Also Read: UP: अमेठी में 20 पंचायत सहायकों पर गिरी गाज, फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर नोटिस जारी
सूचना पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही मिल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि युवती की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।













































