UP: आयकर इंस्पेक्टर और आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की नौकरी का झांसा, युवक से ठगे 10 लाख रुपये

UP: अमेठी जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अमेठी कोतवाली में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आयकर विभाग में इंस्पेक्टर बनाने का दिया था भरोसा

भगवानपुर मजरे उमापुर गानापट्टी निवासी संजय कुमार प्रजापति ने आरोप लगाया है कि सीतारामपुर मजरे बांहापुर के रहने वाले अजय कुमार पाठक ने उन्हें आयकर विभाग में इंस्पेक्टर पद पर नियुक्त कराने का दावा करते हुए 5 लाख रुपये लिए थे। आरोप के मुताबिक आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए चयन सूची और पुलिस सत्यापन से जुड़े दस्तावेज भी भेजे, लेकिन जांच में वे कागजात फर्जी पाए गए।

Also Read: मिलावटखोरों के साथ फर्जी अफसरों पर भी शिकंजा! खाद्य विभाग की टीम के लिए आई-कार्ड पहनना अनिवार्य

पत्नी को आंगनबाड़ी सुपरवाइजर बनाने के नाम पर भी वसूले पैसे

शिकायतकर्ता के अनुसार, पहली बात पर भरोसा दिलाने के बाद आरोपी ने उनकी पत्नी सीमा देवी को आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और इसके लिए भी 5 लाख रुपये ले लिए। इस तरह अलग-अलग किस्तों में कुल 10 लाख रुपये आरोपी को दिए गए।

नियुक्ति पत्र वापस लेकर करता रहा टालमटोल

संजय कुमार का कहना है कि वर्ष 2022 में आरोपी ने एक कथित नियुक्ति पत्र सौंपा था, लेकिन कुछ दिनों बाद उस पर हस्ताक्षर कराने का बहाना बनाकर उसे वापस ले लिया। इसके बाद लंबे समय तक वह नौकरी दिलाने और पैसे लौटाने के नाम पर लगातार बहाने बनाता रहा। पीड़ित के मुताबिक आरोपी ने अब तक केवल 75 हजार रुपये लौटाए हैं, जबकि 9.25 लाख रुपये अभी भी बकाया हैं। इसके अलावा भुगतान के लिए दिए गए तीन चेक भी बैंक में अनादृत हो गए।

Also Read: UP: अमेठी में जन्मदिन समारोह के बाद किशोर की हत्या, खेत की मेड़ पर मिला शव

धमकी देने का भी आरोप, पुलिस कर रही जांच

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि बकाया रकम की मांग करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। अमेठी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम पाण्डेय ने बताया कि अजय कुमार पाठक के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)