UP: अमेठी में परिवहन विभाग की नई पहल, 39 सेवाओं में ऑटो अप्रूवल लागू, कार्यालय के चक्कर से मिलेगी राहत

UP: अमेठी परिवहन विभाग ने आम लोगों को राहत देते हुए एआरटीओ कार्यालय की 39 ऑनलाइन सेवाओं को ऑटो अप्रूवल व्यवस्था से जोड़ दिया है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद आवेदकों को कई कार्यों के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. फेसलेस मोड में दस्तावेजों के सत्यापन के बाद सेवाओं का निस्तारण पहले की अपेक्षा तेज, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा.

एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता ने बताया कि सारथी पोर्टल की 27 और वाहन पोर्टल की 12, कुल 39 ऑनलाइन सेवाओं पर ऑटो अप्रूवल व्यवस्था लागू की गई है. इससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत होगी. आवेदक घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर परिवहन विभाग की सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे.

Also Read: UP: वाहन खरीदने में आगे बढ़ीं रायबरेली की महिलाएं,एक महीने में 1,860 नए वाहन हुए रजिस्टर्ड,लेकिन लाइसेंस में पीछे

सारथी पोर्टल पर लर्निंग लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, डुप्लीकेट लाइसेंस, नाम, पता, जन्मतिथि, फोटो और हस्ताक्षर में संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट, इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट और पीएसवी बैज समेत ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी 27 सेवाएं ऑटो अप्रूवल के तहत उपलब्ध होंगी.

वहीं वाहन पोर्टल पर डुप्लीकेट आरसी, पंजीकरण प्रमाणपत्र में पता परिवर्तन, वाहन स्वामित्व हस्तांतरण, अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी), विशेष परमिट, डुप्लीकेट परमिट, डुप्लीकेट फिटनेस प्रमाणपत्र और हाइपोथिकेशन जोड़ने या हटाने समेत 12 सेवाओं का लाभ इस व्यवस्था के तहत मिलेगा.

Also Read: मिर्जापुर: खेत में मिला 8 माह की बच्ची का कंकाल, चार दिन पहले हुई थी लापता, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच शुरू

परिवहन विभाग के अनुसार ऑटो अप्रूवल व्यवस्था से डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और कम समय में उपलब्ध हो सकेंगी.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)