दुकान में घुसने से पहले ही फंस गया चोर! शटर और जाल के बीच अटका, एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

UP: बहराइच शहर के केवलानगंज क्षेत्र स्थित अर्जुन कॉम्प्लेक्स में बुधवार सुबह एक युवक कपड़े की दुकान के शटर और सुरक्षा जाल के बीच फंसा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाल काटकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, कॉम्प्लेक्स के मालिक अर्जुन सुबह करीब पांच बजे टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्होंने बेसमेंट में दुकान के शटर के बीच युवक को फंसा देखा और तत्काल चौकी चौक पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ स्थिति का जायजा लेने के बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड के जवानों ने सुरक्षा जाल काटकर युवक को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

Also Read: UP: पहली पत्नी ने पुलिसकर्मी पर लगाए दोहरी शादी के आरोप, उच्च अधिकारियों से की कार्रवाई की मांग

नगर कोतवाल ब्रजेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि युवक चोरी की नीयत से दुकान में घुसने का प्रयास कर रहा था, तभी वह शटर और सुरक्षा जाल के बीच फंस गया। हालांकि, युवक नशे की हालत में भी बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )